पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रस्तावित प्रतिमा को लेकर रीवा में विवाद खड़ा हो गया है। धातु की प्रतिमा समय पर तैयार न हो पाने के कारण उसके स्थान पर प्लास्टिक की प्रतिमा लगाए जाने की चर्चा सामने आते ही महापौर अजय मिश्रा बाबा ने कड़ा ऐतराज जताया है। महापौर अजय मिश्रा बाबा ने अटल पार्क स्थित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि 25 दिसंबर तक धातु की प्रतिमा का निर्माण संभव नहीं है और अनावरण के लिए प्लास्टिक की प्रतिमा रखी गई है। इसे देखकर महापौर ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि यह जनता के पैसों का दुरुपयोग है। महापौर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई सर्वदलीय सम्मान के प्रतीक थे। उनकी धातु प्रतिमा का अनावरण किसी भी समय किया जा सकता है, फिर इतनी जल्दबाजी क्यों? इस विषय में मूर्तिकार से भी चर्चा की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। गौरतलब है कि 25 दिसंबर, अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर देश के गृहमंत्री अमित शाह का रीवा आगमन प्रस्तावित है और उसी दिन अटल पार्क में प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम तय किया गया है। लेकिन धातु की प्रतिमा समय पर तैयार न होने से अब इस निर्णय पर सवाल उठने लगे हैं। महापौर अजय मिश्रा बाबा ने इस पूरे मामले को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल से भी चर्चा की है। फिलहाल प्लास्टिक प्रतिमा से अनावरण को लेकर दो पक्षों के बीच मतभेद गहराते नजर आ रहे हैं और प्रशासनिक स्तर पर निर्णय का इंतजार है।
रीवा: अटल पार्क में प्लास्टिक प्रतिमा से अनावरण पर बवाल, महापौर ने इसे बताया जनता के पैसे का दुरुपयोग














Leave a Reply