जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुबिया में दबंगों द्वारा घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, पुराने जमीनी विवाद को लेकर आरोपी पक्ष ने फरियादी ज्ञानेन्द्र तिवारी के घर पर हमला किया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी बिना किसी उकसावे के घर पहुंचे और महिलाओं को निशाना बनाते हुए गाली-गलौज की। आरोप है कि सुरेन्द्र गिरी और पुष्कर गिरी ने घर के भीतर घुसकर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की, झीना-झपटी करते हुए बेरहमी से मारपीट की।
जब फरियादी बीच-बचाव करने आया तो अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों से लैस होकर पूरे परिवार पर टूट पड़े। हमलावरों ने फरियादी व उसके परिजनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में फरियादी की पत्नी, भाई, भतीजे और भतीजियों सहित कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के बाद आरोपियों ने जमीन न छोड़ने पर पूरे परिवार को जान से खत्म करने की खुलेआम धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि यह घटना 31 दिसंबर की शाम की है, जिसका वीडियो शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया पर सामने आया।
पुलिस ने मामले में थाना शाहपुर में BNS की धारा 296(ए), 115(1), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शाहपुर ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की विवेचना जारी है।














Leave a Reply