देशभर के रेहड़ी-पटरी वालों के लिए खुशखबरी है। अब सरकार की दो योजनाओं का लाभ उन्हें एक साथ मिल सकेगा। पीएम स्वनिधि योजना के 50 लाख लाभार्थियों को अटल पेंशन योजना के दायरे में लाने की तैयारी की जा रही है। ऐसा होने से रेहड़ी-पटरी वालों के लिए बिना गारंटी 50 हजार लोन के साथ 60 की उम्र के बाद पेंशन का भी इंतजाम हो जाएगा। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) के चेयरमैन एस रमन ने इस संबंध में जानकारी दी है।
केंद्र सरकार ने रेहड़ी-पटरी वालों के लिए छोटी रकम की लोन स्कीम पीएम स्वनिधि 1 जून, 2020 को शुरू की थी। यह योजना आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत आती है। इस योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को 50000 रुपये तक का लोन बिना किसी जमानत या गारंटी के मिल जाता है। पहली बार लोन 10,000 रुपये का दिया जाता है। वह लौटाने पर दूसरी बार 20,000 रुपये लोन लिया जा सकता है। यह पैसा समय पर चुकाने पर 50,000 रुपये तक का लोन लिया जा सकता है।














Leave a Reply