तरंगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत धवई अंतर्गत छुरदा टोला में सड़क की बदहाल स्थिति का मामला सामने आया है। गांव में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण महिलाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में ग्रामीण काजल शाह सहित अन्य महिलाओं ने राज्य मंत्री राधा सिंह और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि सड़क के अभाव में बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। गांव में एक महिला गर्भवती है, जिसे समय पर अस्पताल ले जाने में सड़क न होने से गंभीर खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, रास्ता कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाता है। कई बार प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों की मांग है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दे और छुरदा टोला में जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि गांववासियों को राहत मिल सके।














Leave a Reply