Advertisement

रीवा में धान खरीदी केंद्रों पर बड़ा खेल, अनियमितताओं की शिकायत पर कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

एक व्यक्ति के पास कई किसानों के रजिस्ट्रेशन, बाहरी धान खपाने की आशंका पर सख़्ती

जिले के धान खरीदी केंद्रों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। आरोप है कि व्यापारी ट्रकों में धान भरकर खरीदी केंद्रों तक पहुंच रहे हैं और एक ही व्यापारी के पास कई किसानों के रजिस्ट्रेशन पाए गए हैं। इससे दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका भी जताई जा रही है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जिले के कई धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर एक ही व्यक्ति के पास अनेक किसानों के रजिस्ट्रेशन पाए गए, जबकि ट्रकों में लोड धान लेकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल माफिया सक्रिय नजर आए। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट कहा कि रीवा जिला कई राज्यों की सीमा से लगा हुआ है, जिसके कारण इस तरह की गतिविधियां सामने आती हैं। यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई तो संबंधित समिति प्रबंधक और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में मनगवां खरीदी केंद्र में इसी तरह का भ्रष्टाचार उजागर हुआ था, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। वहीं, रीवा शहरी क्षेत्र से लगे खैरा खरीदी केंद्र में भी एक ही व्यक्ति के पास कई किसानों के रजिस्ट्रेशन पाए गए। यहां किसानों के ट्रैक्टर लाइन में खड़े दिखे, जबकि दूसरी ओर कई संदिग्ध ट्रक भी नजर आए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि कोई भी व्यक्ति दूसरे किसान का रजिस्ट्रेशन लेकर धान नहीं बेच सकता। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के साथ-साथ समिति प्रबंधक पर भी कार्रवाई होगी। इसके अलावा, धान खरीदी केंद्रों पर किसानों से अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आई हैं। आरोप है कि धान की सफाई और तौल के नाम पर किसानों से पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि कई जगह बिना सफाई किए ही धान की तौल की जा रही है। इससे न सिर्फ राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि किसानों के साथ भी अन्याय हो रहा है।

Share on social media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *