बुधवार शाम वेनेज़ुएला में एक मिनट के अंदर दो जबरदस्त भूकंप आए हैं। पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था जिसका केंद्र याराकुय राज्य के सैन फेलिप में था। 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका है।
A Devastating Earthquake in Venezuela: 40 सेकंड में दो बड़े झटके, 10 हजार से अधिक मौतों की आशंका, राजधानी कराकस में तबाही

काराकस/वेनेजुएला: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला बुधवार शाम भीषण प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गया, जब महज 40 सेकंड के अंतराल में दो शक्तिशाली भूकंपों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार इन भूकंपों के कारण राजधानी कराकस समेत कई शहरों में भारी तबाही हुई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने आशंका जताई है कि इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत हो सकती है। कई इमारतें धराशायी हो गई हैं और हजारों लोग अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है।
USGS के अनुसार पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार बुधवार शाम आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.2 मापी गई। इसका केंद्र याराकुय राज्य के सैन फेलिप क्षेत्र के पास स्थित था। भूकंप की गहराई लगभग 22 किलोमीटर दर्ज की गई। इसके मात्र 39 सेकंड बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 7.5 थी। इसका केंद्र मोरोन क्षेत्र से लगभग 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में बताया गया है और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर थी।
A Devastating Earthquake in Venezuela: राजधानी कराकस में भारी तबाही

दोनों भूकंपों के झटके राजधानी कराकस में बेहद तेज महसूस किए गए। कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि कुछ पूरी तरह ढह गईं। सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कई लोग इमारतों के मलबे में दबे हुए हैं और राहत-बचाव दल लगातार उन्हें निकालने का प्रयास कर रहे हैं। अस्पतालों में घायलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दबाव बढ़ गया है।
A Devastating Earthquake in Venezuela: 10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका
USGS द्वारा जारी प्रारंभिक आकलन में कहा गया है कि इस आपदा में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत होने की 44 प्रतिशत संभावना है। वहीं एक लाख से ज्यादा लोगों के मारे जाने की संभावना भी करीब 30 प्रतिशत बताई गई है। हालांकि अभी तक सरकार ने आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या जारी नहीं की है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रभावित क्षेत्रों में जनसंख्या घनत्व अधिक होने और कई पुराने भवनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण नुकसान का दायरा काफी बड़ा हो सकता है।
A Devastating Earthquake in Venezuela: सरकार ने घोषित किया आपातकाल

भूकंप के बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्होंने गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो और नेशनल असेंबली के प्रमुख जॉर्ज रोड्रिगेज के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए विशेष आपदा प्रबंधन टीम का गठन किया है।
राष्ट्रपति ने नागरिकों से संयम बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोया है।
गैस और पेट्रोल सप्लाई रोकी गई
गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने बताया कि कई इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। किसी बड़े अग्निकांड या विस्फोट की आशंका को देखते हुए कई क्षेत्रों में गैस और पेट्रोल की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। उन्होंने लोगों से क्षतिग्रस्त भवनों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
आफ्टरशॉक्स का खतरा बरकरार
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो के जियोफिजिसिस्ट वाशन राइट के अनुसार आने वाले कई दिनों तक आफ्टरशॉक्स महसूस किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह तक 3 से 5 तीव्रता के कई झटके आने की 90 प्रतिशत संभावना है। इससे पहले से क्षतिग्रस्त इमारतों को और नुकसान पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि लोग फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन की सलाह का पालन करें।
1967 की त्रासदी की यादें हुईं ताजा
वेनेजुएला इससे पहले भी विनाशकारी भूकंपों का सामना कर चुका है। वर्ष 1967 में कराकस में आए 6.6 तीव्रता के भूकंप में 200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और कई इमारतें धराशायी हो गई थीं। उस समय भी लोगों ने लगातार दो झटके महसूस किए थे।
बुधवार को आए इस भूकंप ने एक बार फिर उस भयावह त्रासदी की यादें ताजा कर दी हैं। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं और पूरी दुनिया की नजरें अब वेनेजुएला में जारी इस भीषण आपदा पर टिकी हुई हैं।













Leave a Reply